ghanshyamsharmahindi.blogspot.com

Saturday, 4 April 2020

E content फ़ीचर और आलेख

i) फीचर लेखन

समकालीन घटना तथा किसी भी क्षेत्र विशेष की विशिष्ट जानकारी  के सचित्र तथा मोहक विवरण को फीचर कहते हैं |फीचर मनोरंजक ढंग से तथ्यों को प्रस्तुत करने की कला है | वस्तुत: फीचर मनोरंजन की उंगली थाम कर जानकारी परोसता है| इस प्रकार मानवीय रूचि के विषयों के साथ सीमित समाचार जब चटपटा लेख बन जाता है तो वह फीचर कहा जाता है | अर्थात- “ज्ञान + मनोरंजन = फीचर” |

नमूना फीचर :

पियक्कड़ तोता :

संगत का असर आता है, फिर चाहे वह आदमी हो या तोता | ब्रिटेन में एक तोते को अपने मालिक की संगत में शराब की ऐसी लत लगी कि उसने घर वालों और पड़ोसियों का जीना बेहाल कर दिया | जब तोते को सुधारने के सारे हथकंडे फेल हो गए तो मजबूरन मालिक को ही शराब छोड़नी पड़ी | मार्क बेटोकियो  ने अफ्रीकी प्रजाति का तोता मर्लिन पाला| मार्क यदा-कदा शराब पी लेते | गिलास में बची शराब मर्लिन चट कर जाता | धीरे-धीरे मर्लिन की तलब बढ़ने लगी| वह वक्त-बेवक्त शराब माँगने लगा।

अभ्यास कार्य

निम्नलिखित विषयों पर फ़ीचर लिखिए:

● चुनावी वायदे
● महँगाई के बोझ तले मजदूर
● वाहनों की बढ़ती संख्या
● वरिष्ठ नागरिकों के प्रति हमारा नजरिया
● किसान का एक दिन
● क्रांति के स्वप्न-द्रष्टा अब्दुल कलाम
● क्रिकेट का नया संस्करण ट्वेंटी-ट्वेंटी
● बेहतर संसाधन बन सकती है जनसंख्या

(ii) आलेख लेखन

आलेख-लेखन हेतु महत्त्वपूर्ण बातें:

1. किसी विषय पर सर्वांगपूर्ण जानकारी जो तथ्यात्मक, विश्लेषणात्मक अथवा विचारात्मक हो आलेख कहलाती है |
2. आलेख का आकार संक्षिप्त होता है |
3. इसमें विचारों और तथ्यों की स्पष्टता रहती है, ये विचार क्रमबद्ध रूप में होने चाहिए|
4. विचार या तथ्य की पुनरावृत्ति न हो |
5. आलेख की शैली विवेचन ,विश्लेषण अथवा विचार-प्रधान हो सकती है |
6. ज्वलंत मुद्दों, समस्याओं , अवसरों, चरित्र पर आलेख लिखे जा सकते हैं |
7. आलेख गंभीर अध्ययन पर आधारित प्रामाणिक रचना होती है |
नमूना आलेख :

शेर का घर जिमकार्बेट नेशनल पार्क

जंगली जीवों की विभिन्न प्रजातियों को सरंक्षण देने तथा उनकी संख्या को बढाने के उद्देश्य से हिमालय की तराई से लगे उत्तराखंड के पौड़ी और नैनीताल जिले में भारतीय महाद्वीप के पहले राष्ट्रीय अभयारण्य की स्थापना  प्रसिद्ध अंगरेजी  लेखक जिम कार्बेट के नाम पर की गई | जिम कार्बेट नॅशनल पार्क नैनीताल से एक सौ पन्द्रह किलोमीटर और दिल्ली से २९० किलोमीटर दूर है। यह अभयारण्य पाँच सौ  इक्कीस किलोमीटर क्षेत्र में फैला है | नवम्बर से जून के बीच यहाँ घूमने-फिरने का सर्वोत्तम समय है |
      यह अभयारण्य चार सौ से ग्यारह सौ मीटर की ऊँचाई पर है | ढिकाला इस पार्क का  प्रमुख मैदानी स्थल है और कांडा  सबसे ऊँचा स्थान है| जंगल, जानवर, पहाड़ और हरी-भरी वादियों के वरदान से जिमकार्बेट पार्क दुनिया के अनूठे पार्कों में है | रायल बंगाल टाइगर और एशियाई हाथी पसंदीदा घर है | यह एशिया का सबसे पहला संरक्षित जंगल है | राम गंगा नदी इसकी जीवन-धारा है | यहाँ एक सौ दस तरह के पेड़-पौधे, पचास तरह के स्तनधारी जीव, पच्चीस प्रजातियों के सरीसृप और छह  सौ तरह के रंग-विरंगे पक्षी हैं | हिमालयन तेंदुआ, हिरन, भालू, जंगली कुत्ते, भेड़िये, बंदर, लंगूर , जंगली भैंसे जैसे जानवरों से यह जंगल आबाद है | हर वर्ष लाखों पर्यटक यहाँ आते हैं | शाल वृक्षों से घिरे  लंबे-लंबे वन-पथ और हरे-भरे घास के मैदान इसके प्राकृतिक सौंदर्य में चार चाँद लगा देते हैं |

अभ्यास कार्य

निम्नलिखित विषयों पर आलेख लिखिए-
● बढ़ती आबादी : देश की बरबादी
● सांप्रदायिक सद्भावना
● कर्ज में डूबा किसान
● आतंकवाद की समस्या
● डॉक्टर हड़ताल पर, मरीज परेशान
● वर्तमान परीक्षा-प्रणाली
● बजट और बचत
● शक्ति, संयम और साहस
● रिश्वत का रोग
● सपना सच हो अपना



2 comments: